रायगढ़। शहर के कोतरारोड थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में एक मकान का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा अलमारी में रखी 10 लाख 39 हजार रुपये की नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वृंदावन कॉलोनी मकान नंबर 113-1 निवासी आनंद कुमार सिंघानिया (49) एनटीपीसी लारा में कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने 20 अगस्त को अपने परिचित मनीष कुमार अग्रवाल से व्यापार के सिलसिले में 10 लाख रुपये मांगे थे। उक्त रकम विकास अग्रवाल के माध्यम से उनके घर पहुंचाई गई थी। उन्होंने इस रकम को घर की अलमारी के लॉकर में पहले से रखे 39 हजार रुपये के साथ रख दिया था।
बताया गया कि 23 अगस्त को उनकी पत्नी मीनाक्षी सिंघानिया कलकत्ता चली गई थीं। उन्हें झारसुगुड़ा एयरपोर्ट छोड़ने के बाद आनंद कुमार वहीं रुक गए। इसी दौरान 23 और 24 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोर मकान के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी को तोड़कर उसमें रखी 10 लाख 39 हजार रुपये की नकदी पार कर दी।
25 अगस्त की सुबह मकान में काम करने वाला रूपचंद यादव पहुंचा तो उसे घर की कुंडी टूटी हुई दिखाई दी। उसने वाहन चालक आसू को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घटना की सूचना मकान मालिक को दी गई। रायगढ़ पहुंचकर आनंद कुमार ने घर का निरीक्षण किया तो चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।
प्रार्थी के अनुसार घर में रखे अन्य सामानों की भी चोरी हुई है। घर की जांच पूरी होने के बाद चोरी गए अन्य सामानों की जानकारी पुलिस को देने की बात कही गई है।
CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मकान में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी के मुताबिक फुटेज में 24 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे का समय दर्ज है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।
मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं इतनी बड़ी रकम घर में रखे होने और चोरी की घटना को लेकर पुलिस आसपास के लोगों तथा घटना से पहले मकान पर आने-जाने वाले व्यक्तियों से भी पूछताछ कर सकती है।










