रायगढ़। राखी त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश तथा कलेक्टर एवं उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेशानुसार “बने खाबो, बने रहिबो 2.0” अभियान के तहत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान सिंधी कॉलोनी स्थित श्याम स्वीट्स में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रतिष्ठान से नारियल लड्डू का नमूना लिया गया। खाद्य विभाग की टीम ने संचालक को नोटिस जारी करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 15 दिवस का समय दिया है।
इसी तरह स्टेडियम के पीछे रमेश मद्रासी के यहां तैयार की जा रही पापड़ी-मुर्की के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य पदार्थों के लेबल एवं साफ-सफाई में कमियां पाई गईं। टीम ने संबंधित को नोटिस जारी करते हुए पापड़ी का नमूना जांच के लिए लिया।
वहीं दिनशॉ जिंदल हॉस्पिटल के सामने खाद्य प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान पनीर का नमूना लिया गया। संचालक को खाद्य पदार्थों पर सही लेबल लगाने, खाद्य सामग्री के लिए अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने तथा खाद्य तेल को दो बार से अधिक गर्म नहीं करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

तमनार में भी जांच, तीन खाद्य उत्पादों की स्थिति दर्ज
खाद्य विभाग द्वारा विजय जनरल स्टोर, धौराभाटा तमनार में भी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य उत्पादों की जांच की गई, जिसमें—
GBM चना बेसन — Legal
Nutraj Corn Flakes — Legal
Laxmi Chamcham — Surveillance
की स्थिति दर्ज की गई।
खाद्य विभाग की टीम ने व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा पैकेज्ड खाद्य सामग्री पर आवश्यक लेबलिंग नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

इस कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल एवं नमूना सहायक सुमन अग्रवाल मौजूद रहे।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी, दूषित अथवा अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण और नमूना संकलन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











