रायगढ़। थाना खरसिया क्षेत्र के ग्राम चपले में सास के घर सुरक्षित रखे करीब 95 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित रविन्द्र पटैल ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, ग्राम पामगढ़ निवासी रविन्द्र पटैल राजमिस्त्री का काम करता है और वर्तमान में पत्नी व बच्चे के साथ चपले में किराये के मकान में रहता है। रविन्द्र ने बताया कि वर्ष 2019 में उसकी शादी सुशीला पटैल से हुई थी। शादी के दौरान सास-ससुर ने उसकी पत्नी को स्त्रीधन के रूप में कुछ सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। इसके अलावा रविन्द्र ने भी पत्नी के लिए सोने के आभूषण खरीदे थे।
रविन्द्र के अनुसार, 7 जून को करीब 95 हजार रुपये कीमत के उक्त सोने-चांदी के जेवरात सुरक्षा की दृष्टि से अपनी सास बुंदकुवर पटैल के पास ग्राम चपले में रखवा दिए थे। जेवरात सास की अलमारी में रखे हुए थे।
12 अगस्त की शाम करीब 4 बजे रविन्द्र की पत्नी ने अपनी मां से जेवरात पहनने के लिए मांगे। जब बुंदकुवर ने अलमारी खोलकर देखा तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जेवरातों का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। मामले में रविन्द्र पटैल ने थाना खरसिया में लिखित आवेदन देकर जांच कर चोरी गए आभूषण बरामद करने तथा अज्ञात आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।










