रायगढ़. बरसात के मौसम को देखते हुए महापौर जीवर्धन चौहान लगातार शहर की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में उन्होंने सुबह वार्ड क्रमांक 34 स्थित तिरुपति राइस मिल के पास वार्ड क्रमांक 33 को जोड़ने वाले नाले तथा वार्ड क्रमांक 29 कयाघाट क्षेत्र के नाले का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान सभापति डिग्रीलाल साहू, वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद यादराम साहू, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान महापौर ने जल निकासी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की जलभराव या निकासी संबंधी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए नालों की साफ-सफाई एवं आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बरसात के समय किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और निगम अमला इसके लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य करे।महापौर जीवर्धन चौहान ने स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि नगर निगम जनता की सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
महापौर ने कहा कि जनता की सेवा करना उनका दायित्व है और शहरवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।इस दौरान सभापति डिग्रीलाल साहू, क्षेत्रीय पार्षद यादराम साहू, कार्यपालन अभियंता अमरेश कुमार लोहिया, सहायक अभियंता सूरज देवांगन, सफाई विभाग प्रमुख रमेश तांती, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











