रायगढ़ । जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों का उत्पात जारी है। रविवार रात धरमजयगढ़, छाल और कापू वन परिक्षेत्र के अलग-अलग गांवों में हाथियों ने 14 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के झुंड जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच रहे हैं और फसलों को रौंद रहे हैं। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में फिलहाल 85 हाथी विचरण कर रहे हैं।
धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के खलबोरो गांव में राधाबाई की फसल को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। वहीं आमापाली और आमगांव में सात किसानों की फसलें बर्बाद हुईं। प्रभावित किसानों में सनतराम, हंसाराम, श्रवण नायक, मंगतू, विजय और संतराम सहित अन्य शामिल हैं। भंवरखोल गांव में योगेश की फसल को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया।
छाल वन परिक्षेत्र के कंसाबहार में उमाशंकर जांगड़े और बोजिया में पीतांबर की फसल बर्बाद हुई। इसी तरह कापू वन परिक्षेत्र के सोनाजोरी और कमरई गांवों में धनसाय, टीबू और परसराम की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रायगढ़ जिले में मौजूद 85 हाथियों में 28 नर, 31 मादा और 26 शावक शामिल हैं। धरमजयगढ़ वन मंडल में सबसे अधिक 77 हाथी हैं। इनमें 26 नर, 29 मादा और 22 शावक शामिल हैं। वहीं रायगढ़ वन मंडल में आठ हाथी मौजूद हैं, जिनमें दो नर, दो मादा और चार शावक हैं।
हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांवों में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी के दौरान जंगल और खेतों की ओर जाने से बचने की सलाह दे रहा है, ताकि संभावित जनहानि को रोका जा सके।










