रायगढ़। शहर में जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़े रामपुर स्थित कॉपी कारखाना के पास दबिश देकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,700 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक पुराना अखबार जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़े रामपुर कॉपी कारखाना के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की और जुआ खेलते पांच लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुमान शेख (28), विनय पटनायक (19), त्रिदेव चौहान (32), संदीप चौहान (29) और इम्तियाज खान (46) के रूप में हुई है। सभी रायगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और नकदी जब्त कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, मामला जमानतीय होने के कारण आरोपियों को सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।










