रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार की शाम 19 हाथियों के दल को भारतमाला सड़क को पार करते देखा गया। इस बीच जहां सड़क के दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुक गई वहीं लोगों ने हाथियों के दल का फोटो वीडियो अपने मोबाईल फोन में कैद किया है, जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में ही 104 हाथी अलग अलग दल में विचरण कर रहे हैं, जिसमें 34 नर, 50 मादा के अलावा 20 शावक शामिल है। गुरुवार की शाम धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज के तेजपुर परिसर में विचरण कर रहे 19 हाथियों के एक बड़े दल को सिसरिंगा गांव के पास भारतमाला सड़क पार करते देखा गया। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए इस मार्ग पर दोनों तरफ लोगो की भारी भीड़ जुट गई थी और इस मार्ग में चलने वाले वाहनों के पहिये काफी देर तक थम गए।
हाथियों के सड़क पार करने के बाद ही इस मार्ग पर आवागमन शुरू हो सका। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने हाथियों के दल का फोटो और वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद किया है जो अब सोशल मीडिया में तेजी के साथ वायरल हो रहा है। 19 हाथियों का यह दल सीसरिंगा कर्मी घाट के पास कल शाम तेजपुर की तरफ से सोहनपुर लाल माटी जंगल की तरफ बढ़ा है। ऐसे में वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने हाथी प्रभावित गांव के ग्रामीणों को अलर्ट रहने को भी कहा गया है।










