रायगढ़. रायगढ़ में महंगाई भत्ते और लंबित एरियर्स के भुगतान की मांग को लेकर पेंशनर्स और कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, रायगढ़ के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में दीपावली से पहले महंगाई भत्ते की घोषणा और लंबित राशि के भुगतान की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से मोदी की गारंटी लागू करने की अपील की।
प्रदर्शन के बाद शेख कलीमुल्लाह और संजीव सेठी के नेतृत्व में रैली निकाली गई। रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां छह सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर शिल्पा भगत को दिया गया।
ज्ञापन में जनवरी से लंबित दो प्रतिशत महंगाई भत्ते का एरियर्स सहित दीपावली से पहले भुगतान करने की मांग की गई है। इसके अलावा प्रदेश के पेंशनर्स को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। प्रदर्शनकारियों ने आंध्र प्रदेश के पेंशनर्स के समान छत्तीसगढ़ में भी 70 वर्ष की आयु पर पेंशन में 10 प्रतिशत, 75 वर्ष पर 15 प्रतिशत और 80 वर्ष की आयु पर 20 प्रतिशत वृद्धि करने की मांग की।
पेंशनर्स कल्याण परिषद का पुनर्गठन कर उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए शासन स्तर पर प्रत्येक तीन महीने में बैठक आयोजित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में पेंशनर्स को शामिल करने और उच्च न्यायालय के निर्णय का पालन करते हुए 86 महीने के लंबित महंगाई भत्ते के एरियर्स का भुगतान करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विष्णु यादव, उपाध्यक्ष रवि गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजीव सेठी, डॉ. माधुरी त्रिपाठी, वेद प्रकाश अजगले, विकास तिवारी, विवेकानंद पटनायक और अविनाश भगत सहित कई कर्मचारी नेता भी मौजूद रहे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पेंशनर्स और कर्मचारी शामिल हुए।











