रायगढ़। रायगढ़ जिले में सर्प दंश से पत्नी की मौत के बाद शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि बैंक खाते में भुगतान कराने के एवज में 50 हजार रूपये मांगने का मामला सामने आया है। एसीबी की टीम ने राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा के बाबू को 50 हजार रूपये के हस्ताक्षरित चेक के साथ रंगे हाथ पकड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी विजय सिदार निवासी बुलाकी, पुसौर ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत करते हुए बताया था कि 2023 में सर्प दंश से उसकी पत्नी रामकुमारी का देहांत हो गया था। जिस पर शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि को प्राप्त करने के लिये उसके द्वारा राजस्व विभाग में आवेदन दिया गया था, जो कि मुआवजा हेतु प्रकरण कलेक्टेªट रायगढ़ में लंबित था। जिस पर मुआवजा राशि को जल्द प्राप्त करने के लिये वह कलेक्टेªट कार्यालय के आपदा प्रबंधन के बाबू राजकुमार सिदार से मिला था। बताया जा रहा है कि बाबू राजकुमार सिदार ने मुआवजा राशि उसके बैंक खाते में डालने के एवज में 50 हजार रूपये की मांग की जा रही थी, तथा मुआवजा मिलने के बाद 50 हजार रूपये को लाकर देना को कहा जा रहा था। तब तक के लिये 50 हजार रूपये का हस्ताक्षतिर चेक बतौर गारंटी देने को कहा जा रहा था। किंतु वह मुआवजा राशि प्राप्त करने के एवज में बाबू राजकुमार सिदार को 50 हजार रूपये का चेक बतौर गारंटी नही देना चाहता था। बल्कि उसे चेक लेते पकड़वाना चाहता था।
शिकायत सत्यापन सही पाये जाने के बाद आज आरोपी बाबू राजकुमार सिदार के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा को प्रार्थी से 50 हजार रूपये का चेक प्राप्त करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 7 पीसी एक्ट 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।











