रायगढ़. शहर में दुर्गा पूजा और गरबा आयोजनों के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। 30 से अधिक दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने से शाम होते ही प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जाम लग रहा है। कोतवाली मार्ग, लालटंकी, पैलेस रोड, गांजा चौक, सुभाष चौक और गौरीशंकर मंदिर मार्ग पर वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
बाजारों और पूजा पंडालों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग की कमी के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे संकरी सड़कों पर यातायात बाधित हो रहा है। सीमित यातायात व्यवस्था और वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच पुलिस के सामने जाम नियंत्रित करने की चुनौती है।
आने वाले दिनों में दशहरा और तीन प्रमुख स्थानों पर रावण दहन के आयोजन के चलते भीड़ बढ़ने की आशंका है।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि ट्रैफिक और थानों की पेट्रोलिंग टीमें मुस्तैद रहेंगी। दुर्गा पंडालों में आरक्षक और समितियों के स्वयंसेवक यातायात संभालने में सहयोग करेंगे। जाम की सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचेगी। जरूरत पड़ने पर मार्गों को वन-वे किया जाएगा। इसके अलावा चौक-चौराहों पर बटालियन के जवान भी तैनात किए जा रहे हैं।










